..

Popular Posts

कल की दुनिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कल की दुनिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 3 नवंबर 2011

देश में पेट्रोल की कीमतों में 1.82 रुपए की बढ़ोतरी।

कु शानू : लाख दावों के बावजूद आम आदमी को राहत नहीं मिल पाई। देश में पेट्रोल की कीमतों में 1.82 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। यह बढ़ोतरी इंडियन ऑयल की ओर से की गई है। आधी रात के बाद से दिल्ली में पेट्रोल अब 68.66 रुपए और मुंबई में 73.74 रुपए मिलेगा।
गौरतलब है कि सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम बढ़ाने के संकेत पहले ही दे दिए थे। इस बार मूल्य वृद्धि के लिए रुपए की कमजोरी मुख्य वजह बताई जा रही है।
तेल कंपनियों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत गिरने से कच्च तेल आयात करने की लागत बढ़ गई है, जिससे उन्हें नुकसान होने लगा है।
इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने गत 16 सितंबर को पेट्रोल के दाम 3.14 रुपए लीटर बढ़ाए थे। तब भारतीय मुद्रा एक अमेरिकी डॉलर के सामने 48 रुपए के आसपास चल रही थी। आज यह 49 रुपए के ऊपर पहुंच गई है।
सरकार गत वर्ष जून में पेट्रोल की कीमत नियंत्रणमुक्त कर चुकी है, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण पेट्रोल की खुदरा कीमतें लागत बढ़ने के अनुरूप नहीं बढ़ीहैं। पेट्रोल की कीमत में संशोधन करने से तेल कंपनियों को सरकार से सलाह लेनी पड़ती है।
एलपीजी सिलेंडर, डीजल के भी दाम बढ़ेंगे !
पेट्रोल के साथ ही लोगों पर महंगे एलपीजी सिलेंडर, डीजल और मिट्टी के तेल का बोझ भी पड़ने वाला है। सरकार डीजल, मिट्टी के तेल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ाने की तैयारी में है।
सरकार कह चुकी है कि तेल कंपनियों की आर्थिक सेहत खराब हो रही है। दाम वृद्धि का फैसला मंत्री समूह ही करेगा, हालांकि यह आसान नहीं होगा। समिति के अध्यक्ष वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी हैं।
समिति में यूपीए के घटक दल नेशनल कांफ्रेंस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके भी हैं। तृणमूल कांग्रेस हमेशा से दाम वृद्धि के खिलाफ रही है। अब डीएमके भी इसके खिलाफ नजर आती है।
तेल कपंनियों को डीजल, मिट्टी तेल और एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर इस समय प्रतिदिन 333 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है।
गैस सिलेंडर मिलेगा 560 रुपए में
सरकार चाहती है कि एक संख्या के बाद एलपीजी सिलेंडर बाजार भाव पर मिले। ऐसा होने से एक सिलेंडर 560 रुपए का हो जाएगा। इस समय सरकार को एक सिलेंडर पर 260.50 रुपए का घाटा होता है। वहीं डीजल को रियायती मूल्य पर बेचने से तेल कंपनियों को प्रति लीटर पर 9.27 रुपए, मिट्टी तेल पर प्रति लीटर 26.94 रुपए का घाटा हो रहा है।




मंगलवार, 18 अक्टूबर 2011

भारत वेस्टइंडीज वनडे सीरिज 29 नवंबर से

कु शानू। भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला की शुरूआत 29 नवंबर को कटक में पहले वनडे से होगी। भारत विंडीज वनडे सीरिज 29 नवंबर से वेस्टइंडीज टीम अपने भारत दौरे की शुरूआत छह नवंबर से दिल्ली में पहले टेस्ट के जरिये करेगी। पहला वनडे 29 नवंबर को कटक के बारामती स्टेडियम में खेला जायेगा। दूसरा वनडे विशाखापत्तनम में दो दिसंबर को, तीसरा अहमदाबाद में पांच दिसंबर, चौथा इंदौर में आठ दिसंबर को और आखिरी वनडे 11 दिसंबर को चेन्नई में खेला जायेगा।


धोनी ने कहा कि हम विंडीज वनडे सीरिज में अच्‍छा प्रदर्शन के लिए एकदम तैयार है। मुझे खुशी है कि युवा खिलाडि़यों ने जरूरत के समय अच्छा प्रदर्शन किया। हम अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर बल्ले और गेंद से उनसे जैसे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे थे वे वैसा कर रहे हैं। भारतीय कप्तान ने विशेषकर रूप से तेज गेंदबाज आर विनयकुमार, उमेश यादव, विराट कोहली और स्पिनरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जीत का श्रेय पूरी टीम को जाता है लेकिन युवाओं का योगदान अहम रहा। भारत इस मैच में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, जहीर खान जैसे खिलाडि़यों की अनुपस्थिति में खेल रहा है।


धोनी ने कोहली के बारे में कहा कि उसने वास्तव में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है। वह युवा है और उसे उपरी क्रम में बल्लेबाजी करने के अधिक मौके दिये जाना जरूरी था ताकि उसे अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करने का मौका मिल जाए। उसमें अब भी सुधार की जरूरत है लेकिन मुझे विश्वास है कि जिस तरह से उसने समय के साथ अपने खेल में सुधार जारी रखा है वह आगे भी ऐसा करेगा।

सोमवार, 17 अक्टूबर 2011

छेड़खानी की तो घड़ी देगी जोर का झटका

कु शानू : दिल्ली जैसे महानगरों में आजकल महिलाओं से छेड़खानी और शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इन वजहों से शहरों का माहौल दिन-प्रतिदिन खराब हो रहा है। लेकिन स्कूली छात्र-छात्राओं ने इन समस्याओं का समाधान अपने तरीके से तलाशा है।


दिल्ली की एक छात्रा ने ऐसी घड़ी तैयार की है जो जबरन हाथ खींचने पर करंट मारेगी। उत्तर प्रदेश के छात्र ने ऐसा सेंसर विकसित किया है जो ड्राइवर के मुंह से शराब की गंध आने पर स्टेयरिंग जाम कर देगा। नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) ने ऐसे अनोखे आविष्कार करने वाले 26 छात्रों को इग्नाइट पुरस्कारों के लिए चुना है। इन बच्चों को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम आईआईएम अहमदाबाद में एक समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगे।
एनआईएफ के निदेशक एवं आईआईएम, अहमदाबाद के प्रोफेसर अनिल के. गुप्ता ने बताया कि दिल्ली के जी.डी. गोयनका स्कूल की इंटरमीडिएट की छात्र मनु चोपड़ा ने छेड़छाड़ रोधी घड़ी का खाका पेश किया है। घड़ी बैटरी से चलेगी तथा इसमें सेंसर लगे होंगे। यदि कोई लड़की की कलाई जबरन खींचे तो घड़ी उसे जोर का झटका देगी। लेकिन लड़की के खुद के हाथ लगाने पर घड़ी से करंट नहीं लगेगा।
महिलाओं को घर से निकलते समय इसे ऑन करके चलना होगा। ऐसा इसमें लगे सेंसर की वजह से होगा। सेंसर एक तो इस बात को संज्ञान में लेगा कि हाथ जबरदस्ती खींचा जा रहा है। दूसरे, इस दौरान छेड़खानी की शिकार हो रही लड़की के दिल की धड़कने बढ़ेंगी, उन्हें भी घड़ी में लगे सेंटर रीड करेंगे।

रविवार, 16 अक्टूबर 2011

क्या विज्ञान से संबंधित विषयों में यदि आपकी रुचि है...

कु शानू : क्या विज्ञान से संबंधित विषयों में यदि आपकी रुचि है, तो कई वेबसाइट्स भी आपके ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

आप विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से अवगत होना चाहते हैं, तो ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी जिज्ञासाओं को शांत कर सकते हैं। इंटरनेट पर कई ऐसी वेबसाइट्स हैं, जहां विज्ञान की विभिन्न शाखाओं से जुड़ी हुई नवीनतम जानकारी से आप रूबरू हो सकते हैं।


ऐसी ही एक वेबसाइट है www.sciencedaily.com जिस पर आपको विज्ञान और तकनीक, सेहत, पर्यावरण आदि से जुड़ी तमाम न्यूज पढ़ने को मिल जाती हैं। यह वेबसाइट विज्ञान जगत की विभिन्न नई और रोचक जानकारियों से युक्त है।


जैसे, अर्थ साइंस एनवॉयरमेंटल साइंस, नेचुरल डिजास्टर जैसे विषयों पर लेटेस्ट न्यूज पढ़ने के लिए आप अर्थ एंड क्लाइमेट ऑप्शन को क्लिक कर सकते हैं। बायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, बायोटेक्नोलॉजी आदि से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां आपको यहां मिल जाएंगी।
शानू जैसवाल 
यदि आप विज्ञान की बारीकियों से अवगत होना चाहते हैं तो विज्ञान से संबंधित वेबसाइट www.wonderwhizkids.com पर क्लिक करें। इस साइट पर स्टूडेंट्स, टीचर्स और पेरेंट्स सबके जरूरत की सामग्री उपलब्ध है। होमपेज पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के अलग-अलग लिंक हैं। आप जिस टॉपिक के बारे में जानकारी चाहते हैं, उसे क्लिक कर सकते हैं। विज्ञान के अंतर्गत प्रोजेक्ट का विशेष महत्व होता है। इस साइट पर साइंस प्रोजेक्ट्स की भी जानकारी उपलब्ध है।


विज्ञान से संबंधित वेबसाइट्स में www.nature.com का अपना खास महत्व है। नेचर काफी प्रतिष्ठित साइंस पत्रिका मानी जाती है। इस वेबसाइट पर आपको विज्ञान से संबंधित विभिन्न नवीनतक रिसर्च, न्यूज, बुक्स आदि की संपूर्ण जानकारी मिल जाएगी। आप चाहें तो इस वेबसाइट पर अपना अकाउंट भी खोल सकते हैं। इसके अलावा यदि आपकी रुचि इंटरनेट पर विज्ञान से संबंधित नवीनतम आर्टिकल्स पढ़ने की हो, तो आप www.esciencenews.com पर विजिट कर सकते हैं।



शनिवार, 15 अक्टूबर 2011

बंद होगी गूगल बज की सेवाएं

कु.शानू । गूगल ने शुक्रवार को अपनी विवादास्पद सोशल नेटवर्किग सेवा गूगल बज व कई अन्य सेवाओं को आने वाले सप्ताहों में बंद करने की घोषणा की।
शानू 
गूगल ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर अपने कोड सर्च इंजन, बज, यूजर को दोस्तों के अपडेट देने वाली जैकू सेवा, आईगूगल व गूगल सर्च के लिए यूनीवर्सिटी रिसर्च प्रोग्राम बंद करने की घोषणा की।
गूगल ने सितंबर की शुरुआत में ही अपनी कुछ सेवाएं बंद करने की घोषणा की थी। कंपनी ने कहा था कि वह अपनी कुछ सेवाएं बंद कर देगी तो कुछ को अन्य मौजूदा सेवाओं के साथ संयुक्त कर देगी। गूगल ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि बदलती दुनियां में हमें भविष्य पर ध्यान देना है और भूत के प्रति ईमानदारी बरतनी है। हमने बज जैसे उत्पादों से बहुत कुछ सीखा है और उस सीख का हम हर दिन हमारे गूगल प्लस जैसे उत्पादों के प्रति अपने दृष्टिकोण में इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारे उपभोक्ता हमसे बहुत बेहतरीन उत्पादों की उम्मीदें रखते हैं। आज की घोषणा हमें उपभोक्ताओं के लिए कुछ अद्भुत पेश करने की ओर केंद्रित करती है।
जीमेल सेवा से जुड़ी सोशल नेटवर्किग व मैसेजिंग सेवा गूगल बज की उपभोक्ता की निजता को लेकर काफी आलोचना हुई थी। जिसके चलते गूगल को अपनी इस सेवा को वापस लेना पड़ा। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लैरी पेज ने गुरुवार को कहा कि बज के बाद गूगल ने जून में गूगल प्लस सेवा पेश की थी। इस सेवा को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और इसके चार करोड़ से ज्यादा उपभोक्ता हैं।

बुधवार, 9 मार्च 2011

रोचक जानकारी


मिलनसार बनिए, ज्यादा समय तक जीवित रहेंगे आप



Story Update : शानू जैसवाल 
क्या आपको पता है कि अंर्तमुखी व्यक्ति की अपेक्षा मिलनसार व्यक्ति ज्यादा समय तक जीवित रहता है? यह बात आपको सुनने में भले ही अटपटी लगे लेकिन एक अध्ययन में यह साफ हुआ है। दोस्त और परिवार हर व्यक्ति की जिंदगी को आसान बना देते हैं। लेकिन आपको क्या मालूम है कि उनकी बदौलत आप तन्हा जीने वालों की तुलना में तीन साल तक ज्यादा जी सकते हैं।


3.7 साल ज्यादा जीते है मिलनसार लोग
ब्रिघम यंग विश्वविद्यालय और नॉर्थ कैरोलिना के एक सर्वे में पाया गया कि दोस्तों, परिवार और समुदाय के साथ जिंदगी बिताने वालों की तुलना में अकेले जीने वालों को मौत की आशंका 50 फीसदी तक अधिक होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, सामाजिक रूप से मिलनसार लोग औसतन 3.7 साल ज्यादा जीते हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि दोस्त होने की तुलना सिगरेट छोड़ने के फायदे तक से की जा सकती है।

दोस्त जीवन को आसान बनाते हैं
अध्ययन में बताया गया कि सामाजिक तौर से अलग-थलग जीने वाले लोगों में शराबियों की तरह मरने की आशंका ज्यादा होती है। यह आशंका मोटापे के शिकार लोगों और शारीरिक तौर पर निष्क्रिय लोगों से ज्यादा होती है। अध्ययन को अंजाम देने वाले मनोविज्ञान के प्रोफेसर बेर्ट उचीनो ने बताया कि दोस्त और शुभचिंतक जीवन को आसान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि वे भले ही आपको अप्रत्यक्ष तौर पर सहायता करें लेकिन वे आपमें यह अहसास जगाते हैं कि आपको जीना है।

आवाज से पता चलेगा, कितना बेवफा है आपका जीवन साथी



क्या किसी की आवाज से उसकी वफादारी का अंदाजा लगाया जा सकता है। एवोलूशनेरी साइक्लॉजी जर्नल में प्रकाशित एक शोध में इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। शोध के अनुसार महिलाएं मानती हैं कि अगर उनका जीवन साथी धीमी आवाज में बात करता है तो वह धोखेबाज हो सकता है। इसके विपरीत पुरुष सोचते हैं कि अधिक ऊंची आवाज में बात करने वाली महिलाएं विश्वासपात्र नहीं होती। किसी इंसान की आवाज और उसकी विश्वसनीयता के बीच संबंध बताने वाली यह पहली रिसर्च है।

जीवन पर पड़ता है बेवफाई का नकारात्मक प्रभाव
शोध में शामिल मैकमास्टर यूनिवर्सिटी की ग्रेजुएट स्टूडेंट जिलियन ओकॉनर ने बताया कि पुरुष और महिलाएं अपना जीवन साथी चुनते समय आवाज के स्तर की भविष्य की विश्वसनीयता के रूप में जांच करते हैं। अध्ययन में पाया गया कि ऊंची आवाज में बात करने वाली महिलाएं और धीमी आवाज में बात करने वाले पुरुष एक-दूसरे को अपने प्रति विश्वसनीय नहीं मानते। अगर पति-पत्नि एक दूसरे के प्रति वफादार नहीं हैं तो इससे भावनात्मक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से नकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। लेकिन इस नई रिसर्च से सफल जीवन के लिए एक विश्वासपात्र जीवन साथी चुनने में काफी मदद मिलेगी। 

तेज बोलने वाली महिलाएं बेवफा
रिसर्च में शामिल किए गए प्रतिभागियों को पुरुष और महिला की आवाज के रिकॉर्ड किए गए दो अलग-अलग क्लिप दिखाए गए। इन दोनों आवाजों को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से धीमी और तेज आवाज में परिवर्तित किया गया था। प्रतिभागियों को धीमी और तेज आवाज दोनों क्लिप दिखाए गए। क्लिप दिखाने के बाद प्रतिभागियों से पूछा गया कि प्रत्येक जोड़े में से कौन-सा एक इंसान उन्हें जीवन साथी के रूप में धोखा दे सकता है। प्रतिभागियों में पुरुषों ने ऊंची आवाज में बात करने वाली महिला और महिलाओं ने धीमी आवाज में बात करने वाले पुरुष को गैर-वफादार बताया। 

हार्मोंस जुड़ा है बेवफाई और आवाज के स्तर से
मैकमास्टर यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर डेविड फेनबर्ग ने बताया कि आवाज के स्तर, हार्मोंस और अविश्वसनीयता में एक विशेष संबंध है। जिन पुरुषों में टेस्टास्टरोन का स्तर अधिक होता है, उनमें आवाज का स्तर कम होता है। इसी तरह जिन महिलाओं में एस्ट्रोजेन का स्तर अधिक होता है, उनमें आवाज का स्तर अधिक होता है। इन हार्मोंस का उच्च स्तर धोखेबाजी के व्यवहार से जुड़ा हुआ है। अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इस रिसर्च से किसी इंसान को जीवन साथी चुनने में काफी मदद मिलेगी।

सावधान! वजन बढ़ने से पागलपन का बढ़ता है खतरा



यदि आपका वजन बढ़ रहा है, तो इसे हल्के में न लें, क्योंकि इसके कारण आप पागलपन के शिकार हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए एक शोध में यह बात सामने आई है कि वजन बढ़ने के साथ-साथ पागलपन का भी खतरा बढ़ जाता है। ऑस्ट्रेलिया आधारित शोध के प्रमुख शोधकर्ता प्रोफेसर कारीन एंस्टे ने बताया कि वर्तमान समय में पागलपन और मोटापा ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के लिए दो बड़ी शारीरिक समस्याएं हैं।

अल्जाइमर रोग का भी खतरा
प्रमुख शोधकर्ता कारीन एंस्टे ने बताया कि 40 से 60 वर्ष के बीच की अवस्था में कम वजन, अधिक वजन और मोटापा वृद्घावस्था (60 वर्ष से ऊपर) में पागलपन के खतरे को जन्म देता है। एंस्टे ने बताया कि शोध के दौरान उन्होंने 25,000 से अधिक लोगों में देखा कि उनके शरीर का असमान वजन पागलपन का जनक है। उन्होंने बताया कि शोध में पता चला कि पागलपन का सर्वाधिक खतरा अधिक बॉडी मास इंडेक्स वाले लोगों को होता है। इतना ही नहीं, शोध में पता चला कि मध्य जीवन में अधिक वजन के कारण अल्जाइमर रोग का खतरा भी अधिक रहता है।

मोटे लोगों के लिए खतरा और अधिक
एंस्टे ने बताया कि यह खतरा उन लोगों के लिए और बढ़ जाता है, जो धीरे-धीरे मोटापा के शिकार हो जाते हैं। एंस्टे ने बताया कि मोटापा एक गंभीर बीमारी है। इसका कम समय के लिए प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि शरीर पर इसका दीर्घकालिक प्रभाव पड़ता है। मोटापा के कारण बुढ़ापा भी जल्दी आ जाता है। उन्होंने बताया कि इस शोध में इस बात के स्पष्ट साक्ष्य मिले कि जीवन की मध्य अवस्था में मोटापा या अधिक वजन बाद की उम्र में पागलपन को जन्म देता हे।

सोमवार, 28 फ़रवरी 2011

दुल्हन जीतो कॉम्पिटिशन

शानू-न्यूजी लैंड के वेलिंगटन में एक रेडियो स्टेशन ने एक प्रतियोगिता आयोजित की है। यह है दुल्हन जीतो प्रतियोगिता और जीतने वाले को एक दुल्हन दी जाएगी। इस प्रतियोगिता की घोषणा के बाद वहां लोगों में नाराजगी फैल रही है। प्रतियोगिता में कहा गया है कि जीतने वाले को उक्रेन भेजा जाएगा। जहां विजेता को एजेंसी की तरफ से कई लड़कियों में से अपने लिए एक दुल्हन चुनने का मौका दिया जाएगा।

यह कॉन्टेस्ट मीडिया वर्क स्टेशन द रॉक ने आयोजित किया है। इसको देश भर में एक साथ प्रसारित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि वे विजेता को 12 रात रहने की जगह और दो हजार डॉलर (करीब 90 हजार रुपए) खर्च करने के लिए भी देंगे।

कहा जा रहा है कि इस प्रतियोगिता के बाद कमर्शल रेडियो को नया मंच मिलेगा। प्रतियोगिता का प्रमोशन 28 फरवरी को समाप्त हो जाएगा। पांच फाइनलिस्ट को साइकॉलजी टेस्ट, उनके दोस्तों और फैमिली मेंम्बर्स से बातचीत, कैरेक्टर जांच और अन्य जांच के बाद फाइनल में पहुंचाया जाएगा।


शुक्रवार, 28 जनवरी 2011

दीवारों पर पेंट की जा सकने वाली बैटरी!

शानू : पिछली बार जब बल्ब से भी अधिक चमकीली और धूप जैसी सफेद रोशनी देने वाले कागज़ की बात हुई तो कई व्यक्तियों ने यह जिज्ञासा प्रकट की कि इसे बिजली कहाँ से मिलेगी? तो इसका भी जवाब हाजिर किया है अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने। जिन्होंने यह दावा किया है कि उन्होंने चांदी और कार्बन के अति सूक्ष्म पदार्थों से बनी स्याही में क़ागज़ के एक साधारण से टुकड़े को डाला जाए तो हो सकती है एक बैटरी तैयार, हल्की फुल्की बैटरी। जो ऊर्जा के भंडारण के लिए ये सफल साबित होगी। मतलब, एक साधारण क़ाग़ज़ को आने वाले समय में एक हल्की बैटरी की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है तथा इस बैटरी का उपयोग उन उपकरणों में भी किया जा सकता है जो मुद्रित सामग्री को ईमेल, ईकिताब और ऑनलाइन न्यूज़ में बदल रही हैं।



इस प्रक्रिया में क़ाग़ज़ को कार्बन की नैनोट्यूब्स और सिल्वर के नैनोवायर्स से तैयार स्याही में भिगोया जाता है। इस पेपर को तोड़ मोड़ा भी जा सकता है और किसी अम्ल या मूल द्रव में डुबोया जाए, तो भी कारगर रहता है।यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक यी कुई ने इससे पहले प्लास्टिक के इस्तेमाल से अति सूक्ष्म पदार्थों से बने ऊर्जा भंडारण हेतु उपकरण तैयार किए थे। लेकिन उनकी नई शोध में दिखाया गया है कि पेपर बैटरी ज़्यादा टिकाऊ है क्योंकि स्याही कागज़ के साथ बेहतर तरीक़े से चिपक जाती है और ये एक ऊर्जा बैटरी का काम करने लगती है जिसका इस्तेमाल कई जगह किया जा सकता है।

वैज्ञानिक यी कुई का कहना है कि ये नैनो पदार्थ विशिष्ट हैं। ये एक आयामी चीज़ है जिसका आकार बहुत छोटा होता है। अपने छोटे व्यास की वजह से नैनो पदार्थों से बनी स्याही, रेशेदार क़ाग़ज़ से मज़बूती से चिपक जाती है और इस तरह पेपर बैटरी को टिकाऊ उपकरण बना देती है। इसे पेपर सुपर कैपेसिटर भी कहा जा रहा है। यह क़रीब 40 हज़ार चार्ज डिस्चार्ज चक्रों तक काम करती रह सकती है, जो लिथियम बैटरी की तीव्रता का मुकाबला करने में सक्षम है। यी कुई का कहना है कि नैनो पदार्थ आदर्श सुचालक भी साबित होते हैं क्योंकि साधारण सुचालकों के मुक़ाबले वे बिजली को ज़्यादा कुशलता से संवाहित कर पाते हैं।







(इस अनोखी बैटरी की 'उत्पादन' प्रक्रिया देखिए, इस 2 मिनट के वीडियो में)

कागज़ का लचीलापन और भी कई उपकरणों में काम आ सकता है। यी कुई कहते हैं कि अगर वह अपनी दीवार को किसी ऊर्जा भंडारण उपकरण से पेंट करना चाहते हैं तो ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। सामान्य बैटरियों की तरह पेपर कैपेसिटरों में एक विद्युत आवेश रहता है लेकिन कम वक़्त के लिए। किन्तु कैपेसिटर, बैटरी के मुक़ाबले ज़्यादा तेज़ी से बिजली का भंडारण कर सकते हैं या उसकी ख़पत कर सकते हैं। इलेक्र्टिर या हाइब्रिड कही जाने वाली कारों में इसका इस्तेमाल हो सकता है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि डिस्ट्रीब्यूशन ग्रिड में बड़े पैमाने पर बिजली के भंडारण में इस शोध से बड़ा असर पड़ सकता है। मिसाल के लिए रात में अत्यधिक बिजली उत्पादन को दिन के भारी खपत वाले समय में इस्तेमाल के लिए बचाया जा सकता है। सौर ऊर्जा प्रणालियों और पवनचक्कियों में भी इस नई भंडारण तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

बर्कले स्थित कैलिफ़ोर्निया यूनिवर्सिटी में रसायन-शास्त्र के प्रोफेसर फीतोंग यांग कहते हैं कि इस तकनीक का कम समय में व्यवसायिक उत्पादन कर सकने की संभावना है। बिजली उपकरणों में भी ये एक कम खर्चीले, टिकाऊ और लचीले स्रोत की तरह काम आ सकता है।

हो सकता है अगले दो-चार वर्षों में दीपावली पर हमारे घरों के डिस्टेंपर का अंदाज़ बदला हुआ नज़र आए! नहीं?

बल्ब से भी अधिक चमकीली, धूप जैसी सफेद रोशनी देने वाले कागज़: जहां चाहो चिपका लो

जो कुछ अब आप पढ़ने जा रहे हैं वह किसी परी लोक की कथा नहीं बल्कि एक अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का नतीजा है, जो अगले दो साल में ही घर घर तक पहुंचने वाला है। ब्रिटेन की प्रयोगशालाओं में आजकल जिस एक खास योजना पर बड़े जोरशोर से काम चल रहा है वह है एक ऐसा चिपकाया जा सकने वाला कागज़ तैयार करना जो बिजली के बल्बों का स्थान लेगा। कम कार्बन उत्सर्जन करने वाली तकनीक विकसित करने के उद्देश्य से प्रारंभ इस योजना के अनुसार, वर्ष 2012 तक बल्ब से भी अधिक चमकीली और धूप जैसी सफेद रोशनी देने वाले कागज़ बाजार में आ जाएंगे जिन्हें जहां चाहो चिपका लो।


इन कागजों पर एक खास किस्म का रसायन चढ़ा होगा जो बल्ब से भी बेहतर यानी धूप की सी रोशनी फेंकेगा और उससे आंखें भी नहीं चौंधियाएंगी। हालांकि रसायन लिपे इन कागजों को रोशन करने के लिए बिजली का ही इस्तेमाल किया जाएगा। लेकिन इसकी वोल्टेज इतनी कम होगी कि इसे हाथ लगाने पर कोई झटका नहीं लगेगा।

इन खास कागज़ से मिलने वाली रोशनी को भी बल्बों की ही तरह रेग्यूलेटर के सहारे कम ज्यादा किया जा सकेगा।

यह तकनीक है organic light emitting diodes संक्षेप में OLEDs. इस तकनीक का उपयोग इस समय टीवी और कम्प्यूटर मॉनीटर की स्क्रीन में किया जा रहा है। जिसकी मोटाई बमुश्किल 5 रूपए के सिक्के से कुछ ही अधिक है तथा सामान्य एलसीडी टीवी के मुकाबले 40% कम बिजली की खपत करते हैं। यह उत्पाद भारत के बाज़ारों में उपलब्ध हैं।
ब्रिटिश सरकार द्वारा समर्थित कार्बन ट्रस्ट ने एक कंपनी लोमोक्स को इस तकनीक को विकसित करने के लिए अनुदान भी दिया है। कंपनी का दावा है कि ये कागज़, साधारण बिजली के बल्ब से करीब ढाई गुना अधिक प्रभावी तथा उर्जा की बचत करने वाले होंगे। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तकनीक टेलीविजन,कंप्यूटर तथा मोबाइल फोन के पटलों में भी इस्तेमाल की जा सकेगी।

इसमें बेहद कम यानी करीब तीन से पांच वोल्ट का ही इस्तेमाल किया जाएगा जो बिजली से या फिर सौर ऊर्जा के पैनलों से या फिर बैटरियों से प्राप्त की जा सकेगी।

नीचे दिए गए वीडियो में आप देख सकते हैं कि इस तरह के कागज़ में छेद किए जाने या उसे कैंची से काटे जाने का कोई अन्तर नहीं पड़ता।







कंपनी इस खास प्रकार के कागज का इस्तेमाल 2012 में पहले खुले स्थानों जैसे सड़क पर लगने वाले दिशा सूचकों तथा बैरियरों पर करेगी जहां बिजली उपलब्ध नहीं होगी।

कंपनी का कहना है कि वैसे तो लाइट फेंकने वाले डायोड्स (एलईडी) काफी साल पहले ही बनकर तैयार हो गए थे लेकिन इनकी लागत काफी अधिक होने तथा इनके टिकाऊ न होने के कारण व्यापक इस्तेमाल के लिए इनका उत्पादन रोक दिया गया था लेकिन अब एक ऐसी नई तकनीक विकसित कर ली गई है जिसकी मदद से सूर्य सी चमकदार रोशनी रसायन लिपे कागज से ही प्राप्त कर ली जाएगी। यह तकनीक कम खर्चीली तो होगी ही साथ ही टिकाऊ भी होगी। वैसे इस तकनीक का उपयोग कर आप पूरी दीवार को अपना टीवी या कंप्यूटर मौनिटर भी बना सकेंगे!

ट्रस्ट का कहना है कि अगर विश्वभर में साधारण बल्बों की जगह ये अत्याधुनिक लाइट फेंकने वाले कागज़ लगा दिए जाएं तो 2020 तक कार्बन उत्सर्जन 25 लाख टन और 2050 तक और घटकर 74 लाख टन से भी अधिक कम हो जाएगा।

तकनीक का कुछ खुलासा यहाँ मौज़ूद है।
समाचार यहाँ है।

आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान भी फोन और इंटरनेट द्वारा बाकी दुनिया से जुड़े रहिये

कु शानू : दुर्घटनाएँ होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी. हम दुर्घटनाओं को होने से रोक नहीं सकते परन्तु दुर्घटना के समय राहत और बचाव कार्यों को सुचारू रूप से अंजाम देना हमारे हाथ में है. दुर्घटना के समय कम से कम जानहानि हो इसके लिए जरूरी है कि आम लोग तथा बचाव दल आपस में हर समय जुड़े रहें तथा सूचनाओं का आदान प्रदान अच्छी गति से जारी रहे. यह सम्भव हो सकता है मोबाइल और इंटरनेट संचार माध्यमों की मदद से. लेकिन होता यह है कि जब भी कोई बड़ी दुर्घटना होती है यही दोनों माध्यम काम करना बंद कर देते हैं. भूकंप, सुनामी, बम धमाका, विमान का गिरना आदि दुर्घटनाओं के समय मोबाइल सम्पर्क का कट जाना आम बात है.


इस स्थिति से निपटने के लिए अब यूरोप के संशोधकों ने एक नई तकनीक विकसित की है. इस तकनीक की मदद से गम्भीर से गम्भीर दुर्घटना के दौरान भी बचावकर्मी अपने फोन और इंटरनेट के माध्यम से बाकी दुनिया से जुड़े रह पाएंगे.



(तकनीक का खाका बताता एक चित्र, जिसे क्लिक कर वृहद रूप में देखा जा सकता है)


DeHiGate (Deployable High Capacity Gateway for Emergency Services) नामक इस तकनीक मे एक विशेष राउटर और एक विशेष कमांड वेहिकल का इस्तेमाल किया जाता है. यह राउटर उस कमांड वाहन को किसी भी उपलब्ध तार-विहीन इंटरनेट सम्पर्क का इस्तेमाल करने की शक्ति प्रदान करता है. यहाँ तक कि उपग्रह सम्पर्क भी स्थापित किए जा सकते हैं. राउटर अपने तंत्र पर उपलब्ध बैंडविथ की गणना करता रहता है और उसमें कमी दिखाई देने पर दूसरे नेटवर्क पर चला जाता है या फिर सीधे उपग्रहों से सम्पर्क स्थापित कर लेता है. स्थानीय नेटवर्क को आपस में जुड़ा हुआ रखने के लिए शहर भर के खम्बों आदि जगहों पर नोड लगाए जाते हैं जो बैटरी से चलते हैं. इससे मोबाइल स्थानीय नेटवर्क भी बन जाता है.


इससे होता यह है कि बचाव कार्यों में लगे सुरक्षाकर्मी एक पल के लिए भी नेटवर्क से बाहर नहीं जाते. बचावकर्मी जीपीएस के माध्यम से अपनी व साथियों की भौगोलिक उपस्थिति जान पाते हैं. वे अपना खुद का स्थानीय नेटवर्क भी स्थापित कर पाते हैं. इससे ध्वस्त हो चुकी इमारत में फंसे लोगों तक पहुँचना आसान हो जाता है क्योंकि फंसे हुए लोग अपने मोबाइल के माध्यम से बाकी दुनिया से जुड़े रहते हैं.


यह तकनीक फ्रांस की कम्पनी थालेस ने विकसित की है. कुछ सम्बंधित बातें यहाँ पढ़ी जा सकती हैं. 

R